Next Story
Newszop

राजस्थान में शिक्षकों की बंपर भर्ती की तैयारी, 2027 तक सभी रिक्त पद भरने की योजना तैयार

Send Push

राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रदेश में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए व्यापक भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। सरकार का लक्ष्य 2027 तक स्कूलों में खाली पड़े सभी शिक्षक पदों को भरकर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।

पदोन्नति से मिलेंगे नए पद
शिक्षा विभाग में लंबे समय से लंबित विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की प्रक्रिया अब तेजी से पूरी की जा रही है। शिक्षा विभाग के सचिव कृष्ण कुणाल ने बताया कि ग्रेड थर्ड से वरिष्ठ अध्यापक तक की डीपीसी लंबित थी। इसे जल्द निपटाने के लिए कोर्ट में चल रहे मामलों को वापस लिया जा रहा है। इससे पदोन्नति के जरिए करीब 20 हजार नए पद सृजित होंगे। इस कदम से मौजूदा भर्ती के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।

हजारों नियुक्तियां हो चुकी हैं
पिछले डेढ़ साल में सरकार 28 हजार से ज्यादा शिक्षकों की नियुक्ति कर चुकी है। इसके अलावा 21 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि 2027 तक सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के पदों को ध्यान में रखते हुए 50% अतिरिक्त पद जोड़े जाएं। इससे भविष्य में रिक्तियों की समस्या नहीं होगी।

नई शिक्षा नीति के आधार पर बनेगा ढांचा

शिक्षा विभाग में आखिरी बार स्टाफिंग पैटर्न 2014 में तैयार किया गया था। अब राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी 2020) के आधार पर नया ढांचा तैयार किया जा रहा है। इससे नए कैडर बनेंगे और संगठनात्मक ढांचा मजबूत होगा।

भर्ती में देरी नहीं होगी
भर्ती प्रक्रिया में समय लगता है। इसमें एक साल तक का समय लग सकता है। इसलिए सरकार पहले से योजना बना रही है, ताकि रिक्त पदों को जल्द भरा जा सके। इस कदम से राजस्थान के स्कूलों में शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा।

Loving Newspoint? Download the app now